अमरोहा
बिजली विभाग के JE पर अवैध वसूली का आरोप
अमरोहा में भाकियू अंबेडकर का विरोध, कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के हसनपुर में भारतीय किसान यूनियन बीआर अंबेडकर ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर पर मीटरों से छेड़छाड़ कर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। संगठन ने जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
उपभोक्ताओं से अवैध वसूली
भाकियू बीआर अंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह भाटी के नेतृत्व में किसानों ने शनिवार को बिजली घर में धरना दिया। उन्होंने जेई मनोज कुशवाहा पर मीटरों में छेड़छाड़ कर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली का आरोप लगाया। भाटी ने कहा कि जेई कनेक्शन आईडी का दुरुपयोग करते हैं। किसान नेता ने आरोप लगाया कि जेई मीटरों में गड़बड़ी कर उपभोक्ताओं पर अधिक जुर्माना लगवा देते हैं। उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी की पैसे वसूली का वीडियो वायरल होने के बाद भी उसे लैब में काम करने दिया जा रहा है। जेई ने अपनी आईडी हैक होने का झूठा आरोप किसान पर लगाया है।भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल करेंगे। प्रदर्शन में धर्मेंद्र सागर, चंद्रभान, कुलदीप सागर, शंकर, विमल समेत कई किसान नेता मौजूद थे।



