अमरोहा
शनि अमावस्या पर गंगा घाटों में उमड़ी भीड़
अमरोहा के बृजघाट और तिगरी गंगा धाम पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्नान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : शनि अमावस्या के अवसर पर बृजघाट गंगा घाट और तिगरी गंगा धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और नोएडा से हजारों श्रद्धालु पवित्र गंगा स्नान के लिए पहुंचे।श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ-साथ घाट पर हवन यज्ञ भी किए। इस दौरान गंगा घाट ‘हर हर गंगे’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंजायमान रहा। तिगरी गंगा धाम में गजरौला शहर और आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।भीड़ के कारण नेशनल हाईवे स्थित बृजघाट के पास गंगा पुल पर यातायात प्रभावित हुआ। वाहनों की गति धीमी रही। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें गहरे पानी में स्नान न करने की चेतावनी दी गई है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा।




