उचित दर विक्रेता के गोदाम में 41 कुंतल अनाज कम मिलने पर दर्ज हुआ एफआईआर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। तहसील क्षेत्र अंतर्गत अमेठी के महसो ग्राम पंचायत में राशन वितरण में बड़ी गड़बड़ी प्रकाश में आई है। उचित दर विक्रेता राम बहादुर शुक्ल के गोदाम में पूर्ति विभाग ने औचक निरीक्षण किया। वहीं निरीक्षण के दौरान 41.2 कुंतल खाद्यान्न कम पाया गया।
इस दौरान विक्रेता मौके पर नहीं मिला। उनकी पुत्री नीलम वहां मौजूद थी। टीम को स्टॉक रजिस्टर नहीं दिया गया। गोदाम में सत्यापन के दौरान 103.7 कुंतल की जगह मात्र 62.5 कुंतल अनाज मिला। गोदाम में 15.055 कुंतल गेहूं और 26.145 कुंतल चावल कम था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विक्रेता लाभार्थियों के राशन वितरण में गड़बड़ी कर रहा है। जिलाधिकारी के आदेश पर गोदाम में मौजूद अनाज को रेभा के विक्रेता उमा शंकर पाण्डेय को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी संग्रामपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि राम बहादुर शुक्ल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।


