
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के डिडौली थाना क्षेत्र में दहेज के लिए पत्नी को तेजाब पिलाने का मामला सामने आया है। पीड़िता गुलफिजा की बुधवार को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति परवेज को गिरफ्तार कर लिया है।मृतका के पिता फुरकान ने बताया कि उनकी बेटी गुलफिजा की शादी 20 मार्च 2025 को कालाखेड़ा गांव के परवेज से हुई थी। ससुराल पक्ष दहेज में दस लाख रुपये और कार की मांग कर रहा था। इसको लेकर गुलफिजा को प्रताड़ित किया जाता था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी।
11 अगस्त को ससुराल वालों ने गुलफिजा के साथ मारपीट की और उसे तेजाब पिला दिया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे रामपुर दोराहा स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार दोपहर को उपचार के दौरान गुलफिजा की मौत हो गई।मामले में पति परवेज, आसिम, गुलिस्ता, मोनिश, सैफ, डॉ. भूरा और बब्बू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि आरोपी पति को जेल भेजा जा रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




