
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। नाम बदलकर युवती को प्रेमजाल में फसाकर यौन शोषण करने वाले युवक के खिलाफ पीड़िता ने इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आलम ने अपनी पहचान छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया। पांच साल तक उसका यौन शोषण करता रहा। हकीकत पता लगी तो उसने जान से मारने की धमकी दी है। पहचान छिपाकर दूसरे धर्म की युवती को फंसाने व पांच साल तक यौन शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आलम नाम के युवक ने पांच साल तक अपनी पहचान छिपाए रखी। वह खुद को प्रेम सिंह बताता रहा और युवती का यौन शोषण करता रहा। जब युवक की हकीकत खुली तो युवती के होश उड़ गए। पीड़ित युवती पीलीभीत जनपद के बिलसंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने आरोपी के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित युवती ने थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि आलम से उसकी मुलाकात पांच साल पहले हुई थी। उसने अपना नाम प्रेम सिंह बताया और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। उसे पांच साल से इज्जतनगर थाना क्षेत्र की विष्णु धाम कॉलोनी में किराए के मकान में पत्नी की तरह रख रहा था। शादी का झांसा देकर आलम उर्फ प्रेम सिंह ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और उसे गर्भवती कर दिया। जब युवती को हकीकत का पता चला तो वह सन्न रह गई। आरोप है कि आलम और उसके घरवालों ने युवती को जान से मारने की धमकी दी। उसके परिवारवालों ने यहां तक कह दिया कि अगर पुलिस में शिकायत की तो तेरे टुकड़े-टुकड़े कर देंगे। मजबूर युवती काफी समय तक परेशानी झेलती रही। अब उसने आरोपी व उसके घरवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



