बालाघाट
सांसद भारती पारधी एवं विधायक गौरव पारधी के ने मोहगांवघाट में किया नवीन पंचायत भवन का भूमि पूजन
कटंगी खैरलांजी में 18 महीनों में 185 करोड़ की विकास सौगात :- विधायक गौरव पारधी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : कटंगी-खैरलांजी विधानसभा अंतर्गत ग्राम मोहगांवघाट में रविवार को अटल ग्राम सुशासन भवन (पंचायत भवन) के निर्माण हेतु भूमिपूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्रीमती भारती पारधी के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर विधायक श्री गौरव पारधी भी मौजूद रहे। ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह भवन स्वीकृत किया गया है। नया पंचायत भवन न केवल पंचायत कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करेगा, बल्कि ग्राम के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त आधार बनेगा। सांसद और विधायक के ग्राम आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण और नागरिकगण उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
भूमिपूजन के साथ ही कृषि संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के स्वरूप और महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर 125 किसानों ने पंजीयन कराया।
*अटल जी के नाम पर भवन निर्माण होना गर्व की बात :-सांसद भारती पारधी*
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर पंचायत भवनों का निर्माण होना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने ग्राम स्तर पर पंचायत भवन जैसी संस्थाओं को लोकतंत्र की असली ताकत बताया और विधायक गौरव पारधी की सक्रियता की सराहना करते हुए उन्हें देश और प्रदेश का गौरव कहा।
*क्षेत्र में 185 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत :- विधायक गौरव पारधी*
विधायक श्री गौरव पारधी ने ग्रामवासियों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले 18 महीनों में कटंगी-खैरलांजी विधानसभा में 185 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के पुल, पुलियों, सड़कों और अन्य विकास कार्य स्वीकृत होकर कई कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। हर गांव तक विकास पहुंचाने के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है और जो गांव अब तक वंचित हैं, वहां भी जल्द कार्य पूरे किए जाएंगे। पंचायत भवन निर्माण, सड़क और सामुदायिक सुविधाओं जैसे कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रह्लाद पटेल का क्षेत्र को मिली सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजित कृषि संगोष्ठी की सराहना करते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर ग्राम की सरपंच दुर्गेश पारधी, उपसरपंच सिद्धार्थ श्यामकुवर, प्रकाश उके जिला पंचायत सदस्य, आलोक पाटील जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अरुना गजभिए, श्री मेष देशमुख, मंडल अध्यक्ष श्रीमती दीपेश्वरी लिल्हारे, ज्ञानेश राहंगडाले, तेजलाल चौधरी, रमणीक देशमुख, राजेंद्र देशमुख, गुनाराम बघेले, मिरगपुर सरपंच दीपक देशमुख, गुडरूघाट सरपंच दिलीप बिसेन, सावरगांव सरपंच अनिल मसकरे, टेकाडीघाट सरपंच श्रीमती रेखा युवराज पटले, हथोड़ा सरपंच निलचंद गौतम, अशोक बिसेन, गिरीश बिसेन, पुष्पेंद्र देशमुख, वरुण देशमुख सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




