मदनशाही गांव (बोरियो) में मीजल्स के पुष्ट मामले पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष पहल
Special initiative of the Health Department after confirmed cases of measles were found in Madanshahi village (Borio)

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज। जिले के बोरियो प्रखण्ड अन्तर्गत मदनशाही गांव में मीजल्स (खसरा) के दो पुष्ट मामले पाए जाने की सूचना प्राप्त होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। सिविल सर्जन, साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया गया और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण उपरांत एक सामुदायिक बैठक आयोजित की गई जिसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, वार्ड सदस्य, धर्मगुरु एवं सम्मानित ग्रामीण उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग से DRCHO एवं जिला स्वास्थ्य टीम, MOIC बोरियो, BPM, ANM, सहिया तथा सहयोगी संस्थान UNICEF एवं WHO के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रभावित क्षेत्र में विशेष टीकाकरण अभियान 01 व 02 सितम्बर, 2025 को संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को MR वैक्सीन दी जाएगी। इस अभियान हेतु कुल 8 स्थलों को चिन्हित किया गया है। ग्रामीणों, ग्राम प्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं से अपील की गई कि वे बच्चों को समय पर टीकाकरण केन्द्रों तक पहुँचाने में सक्रिय सहयोग दें। टीकाकरण से पूर्व व्यापक IEC गतिविधियाँ (माइकिंग, घर-घर सूचना एवं सहिया के माध्यम से संपर्क) संचालित की जाएंगी ताकि सभी तक जानकारी पहुँच सके। सिविल सर्जन, साहिबगंज ने बताया कि CHO, ANM एवं सहिया सतत निगरानी रखेंगे और किसी भी नए केस की त्वरित पहचान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को चिन्हित टीकाकरण केन्द्रों पर अवश्य लेकर आएँ, जिससे मीजल्स जैसी संक्रामक बीमारी से बचाव किया जा सके।

