अमरोहा
अमरोहा में गंगा में डूबे तीन सगे भाई
मुंडन संस्कार के चलते नहाने के दौरान से लापता, चार दिन से जारी तलाश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला में तिगरी गंगा धाम पर एक परिवार को बड़ा सदमा लगा है। मुंडन संस्कार के लिए आए तीन सगे भाई गंगा नदी में डूब गए। चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया है।मजदूर रामपाल अपने परिवार के साथ बीते बुधवार दोपहर को अपने पोते विनायक का मुंडन संस्कार कराने तिगरी गंगा घाट पहुंचे थे। दोपहर ढाई बजे उनके तीनों बेटे – 25 वर्षीय ओंकार, 23 वर्षीय बंटी और 18 वर्षीय अनुज गंगा में नहाने गए। जब एक घंटे तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।परिवार ने आसपास के गांवों में रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पीएसी के गोताखोर लगातार गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि युवकों की तलाश में ढिलाई बरती जा रही है। उन्होंने SDRF की टीम को बुलाने की मांग की थी, लेकिन केवल पीएसी के गोताखोरों से ही तलाश कराई जा रही है।तीनों भाइयों के डूबने की खबर से अमरोहा नगर के मोहल्ला दानिश मंदान में शोक की लहर है। घाट पर माता-पिता सहित परिजन बेटों की तलाश में डटे हुए हैं।



