अमरोहा
नवविवाहित युवक बाढ़ के पानी में डूबा
चार दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया था, तीन को ग्रामीणों ने बचाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : रहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई। बिहारीपुर के पास गंगा घाट पर मछली पकड़ने गए चार दोस्तों में से एक युवक बाढ़ के पानी में डूब गया।गांव छपना के रहने वाले शाहिद, आकिल, साहिल और दिलशाद दोपहर करीब 3 बजे मछली पकड़ने गए थे। अचानक बाढ़ का पानी बढ़ने से चारों डूबने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से आकिल, दिलशाद और साहिल को बचा लिया गया। लेकिन 20 वर्षीय शाहिद को नहीं बचाया जा सका।शाहिद की शादी महज 20 दिन पहले संभल जनपद के गांव मतावली की गुलनाज से हुई थी। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। रहरा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से शाहिद की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अतवीर सिंह के अनुसार गोताखोरों की टीम लगातार गंगा में खोजबीन कर रही है।



