अमरोहा
गंगा में मछली पकड़ने गए युवक की डूबकर मौत
अमरोहा में नदी की तेज धार में बहा, लोगों ने 3 दोस्तों का बचाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : रहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। बिहारीपुर के पास गंगा घाट पर मछली पकड़ने गए चार दोस्तों में से एक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव छपना निवासी 20 वर्षीय शाहिद के रूप में हुई है।घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है। शाहिद अपने तीन दोस्तों आकिल, साहिल और दिलशाद के साथ मछली पकड़ने गया था। अचानक बाढ़ का पानी बढ़ने से चारों दोस्त डूबने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से तीन युवकों को बचा लिया गया। लेकिन शाहिद गंगा की तेज धार में बह गया।सूचना मिलते ही रहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शाहिद की तलाश शुरू की गई। बुधवार सुबह गोताखोरों ने शाहिद का शव गंगा से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों ने बताया कि शाहिद की शादी 16 अगस्त को संभल जनपद के गांव मतावली निवासी गुलनाज से हुई थी। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष अतवीर सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।




