उमरानाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई : लाखों की अवैध अंग्रेजी शराब जप्त, दो तस्कर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
छिंदवाड़ा। जिले में अवैध शराब तस्करी पर नकेल कसने के प्रयासों के तहत उमरानाला चौकी पुलिस ने बीती रात की गई कार्रवाई में लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब पकड़ते हुए दो तस्करों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से 33 पेटी, करीब 297 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत ढाई से तीन लाख रुपये बताई गई। वाहन सहित कुल जप्ती की कीमत लगभग 11.37 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नीले तिरपाल से ढकी पिकअप (क्र. एमएच-49-विजेड-2578) सीसर की ओर से अवैध शराब की खेप लेकर आ रही है। जानकारी की पुष्टि के बाद थाना टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन के बीच हिस्से में सब्जी के खाली कैरेटों के बीच बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी।
दो आरोपित गिरफ्तार
वाहन चालक अक्षय पिता महेशराव कुम्बलकर (24 वर्ष, निवासी सूरजनगर) एवं परिचालक हुकुम सिंह पिता स्व. देवाराम नागवंशी (22 वर्ष, निवासी रानीतालई, राजनांदगांव) को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में मोहखेड़ थाना प्रभारी व उमरानाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पारस आर्य, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक संतोष साहू, आरक्षक बंन्द्रशेखर सोनी समेत पुलिस बल के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
जनहित में बड़ी कार्रवाई
पुलिस का मानना है कि अवैध शराब तस्करी जहां राजस्व का बड़ा नुकसान कर रही है, वहीं सामाजिक रूप से अपराध और नशे की प्रवृत्ति को भी बढ़ावा देती है। इसी के मद्देनजर लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। उमरानाला पुलिस की यह कार्रवाई जिले में चल रहे अवैध कारोबार पर तगड़ा प्रहार मानी जा रही है।



