गोड्डा
पथरगामा थाना का पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने किया निरीक्षण,
लंबित मामलों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा :- जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने की दिशा में गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बुधवार को पथरगामा थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की भौतिक व्यवस्था, अभिलेखों का रख-रखाव, मामलों की अद्यतन स्थिति और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की गहन समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी, थाना प्रभारी मनोहर कुमार सहित थाना के समस्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। एसपी ने थाने की साफ-सफाई, मालखाना, शस्त्रागार, लॉकअप और रजिस्टरों का अवलोकन किया तथा हर पहलू की बारीकी से जांच की।लंबित कांडों पर निष्पादन में तेजी लाने के दिए निर्देश ।एसपी मुकेश कुमार ने थाना में दर्ज लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक कांड का निष्पादन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि मामलों के निष्पादन में लापरवाही या अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरती जाए, ताकि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
आम नागरिकों से बेहतर व्यवहार की दी सलाह ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार, त्वरित प्रतिक्रिया और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का प्राथमिक कर्तव्य है कि वह जनता की सेवा में तत्पर रहे और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों का हौसला भी बढ़ाया ।निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि विभाग की छवि तभी बेहतर हो सकती है जब हर पुलिसकर्मी अपने कार्य के प्रति ईमानदार, जिम्मेदार और सतर्क बना रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सहयोग का माहौल बनाना भी जरूरी है।




