शामली

यमुना नदी के जलस्तर में आई आंशिक कमी, खतरा बरकरार

 

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो

कैराना। दो दिन पूर्व हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े गए 3.29 लाख क्यूसेक पानी से उफान पर आई यमुना की लहरें शांत होने का नाम नही ले रही है।कैराना में यमुना नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में कमी आने के चलते यमुना के बहाव में आंशिक कमी दर्ज की गई है। वहीं, डीएम-एसपी ने ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन के साथ में यमुना तटबंध का निरीक्षण करके मातहतों को सतर्क रहने के निर्देश दिए है।

पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही रिकॉर्डतोड़ बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज पर भी पानी का दबाव बढ़ रहा है, जिसके चलते यमुना नदी में पानी छोड़े जाने का सिलसिला निरन्तर जारी है। विगत सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से यमुना में वर्तमान मानसून सत्र का सर्वाधिक 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इस पानी ने कैराना पहुंचते ही अपना रौद्र रूप दिखा दिया और चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही यमुना खतरे के निशान को पार कर गई। मंगलवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था। यमुना के पानी से खादर क्षेत्र की हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गई। हालांकि बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा धीरे-धीरे कम हुई, जिसके चलते कैराना में भी यमुना के जलस्तर में 40 सेंटीमीटर की आंशिक कमी आई। बुधवार प्रातः दस बजे यमुना का जलस्तर 231.60 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि मंगलवार को यह 232.00 मीटर पर पहुंच गया था। कैराना में चेतावनी बिंदु 231.00 मीटर तथा खतरे का निशान 231.50 मीटर पर निर्धारित है।

डीएम-एसपी ने यमुना तटबंध का किया निरीक्षण, सतर्कता बरतने के निर्देश

 

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। बुधवार को डीएम शामली अरविंद चौहान व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने हैदरपुर से मवी तक यमुना तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने हैदरपुर तटबंध पर बने काठा नाले के रेगुलेटर का भी जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को यमुना तटबंध पर निरंतर गश्त करने समेत तमाम आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन सुधांशु सिंह, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री भी मौजूद रहे। वहीं, तहसीलदार ने बताया कि यमुना तटबंध का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। तटबंध पूरी तरह से मजबूत है। यमुना के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button