असम कांग्रेस के अध्यक्ष तथा सांसद गौरव गोगोई को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया “विदेशी”।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बार फिर कांग्रेस सांसद एवं असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई पर राजनैतिक हमला किया है। इस बार मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि गौरव गोगोई के परिवार के अधिकांश सदस्य “विदेशी” हैं। गौरव गोगोई को उन्होंने “बांग्लादेशी विदेशी” भी कहा है । पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा –
“पहले मैं गौरव गोगोई को महत्व देता था। लेकिन जब पता चला कि उनके बच्चे और पत्नी विदेशी हैं, तभी मुझे समझ में आया कि वे शायद जल्द ही देश छोड़कर बाहर चले जाएँगे। जब किसी व्यक्ति के परिवार के तीन सदस्य विदेशी हों, तो वह हमें क्या ज्ञान दे सकता है? ऐसे व्यक्ति को मैं बांग्लादेशी विदेशी मानता हूँ।” उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष मई माह में मुख्यमंत्री ने गौरव गोगोई को “पाकिस्तानी एजेंट” भी कहा था और उन पर आरोप लगाया था कि उन्होंने पाकिस्तान यात्रा के विवरण को छुपाया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि गौरव गोगोई और उनकी पत्नी दोनों भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। दूसरी ओर, गौरव गोगोई ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने उल्टे असम की भाजपा-नीत सरकार पर ही प्रवासियों की घुसपैठ के मामले में हमला बोला। अगस्त माह में कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया था कि भाजपा के 10 साल के शासन के बाद भी राज्य में अवैध प्रवासी क्यों प्रवेश कर रहे हैं।इसके साथ ही गौरव गोगोई ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा आगामी 10 सितम्बर को उनके विरुद्ध जो जानकारी जनता के सामने रखने की बात कर रहे हैं, वह दरअसल जनता को गुमराह करने की कोशिश है । उनके अनुसार, उस दिन मुख्यमंत्री को असम की जनता से इस तरह के बयानों के लिए माफी माँगनी पड़ेगी ।



