गाजियाबाद
लोनी में पैग़म्बरे इस्लाम का 1500वां जन्म दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया, मस्जिदों व मदरसों की कमेटियों का सहयोग, अमन-ओ-शांति के साथ हुआ समापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद स.अ.व. का 1500वां जन्म दिवस शुक्रवार को लोनी क्षेत्र में बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और रूहानी माहौल के साथ धुमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मस्जिदों व मदरसों में कुरआनख़्वानी, नातख़्वानी और दुआ-ए-ख़ैर का आयोजन हुआ। इलाक़े की मस्जिदों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था।
जुलूस-ए-मुहम्मदी की रौनक
इस अवसर पर लोनी के विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस-ए-मुहम्मदी बड़े ही शानो-शौकत से निकाला गया। इसमें मस्जिदों और मदरसों की कमेटियों के पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में मुस्लिम समाज की आवाम ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जुलूस के दौरान बच्चों और युवाओं ने हाथों में झंडे व बैनर थामकर नातख़्वानी और सलाम पेश किया। पूरे रास्ते “नारे तक़बीर, अल्लाहु अकबर” और “या रसूल अल्लाह” की गूंज माहौल को रूहानी बनाती रही। मार्ग को फूलों की सजावट, रोशनी और स्वागत द्वार बनाकर आकर्षक बनाया गया। जगह-जगह रोज़ादारों व नमाज़ियों के लिए लंगर और शरबत का इंतज़ाम किया गया
जुलूस नसबन्दी कॉलोनी, बुद्ध नगर, अल्वी नगर, डीएलएफ, जब्बार कॉलोनी, मुगल गार्डन से होते हुए सादुल्लाबाद, बंगाली मस्जिद, डाबर तालाब, केला गोदाम और बलराम नगर मार्ग से गुजरता हुआ ईदगाह बुद्ध नगर पर जाकर सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान अमन-ओ-शांति और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।
इस कार्यक्रम में मस्जिद आलाह हज़रत, मदरसा शान -ए-मुस्तफ़ा, गरीब नवाज़ मस्जिद, बुद्ध नगर वारसी मस्जिद, मुगल गार्डन, शान-ए-मदीना तथा ईदगाह के पास की मस्जिदों ने विशेष भूमिका अदा की जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। विशेष रूप से थाना अंकुर विहार प्रभारी इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह पंवार की मुस्तैदी की चर्चा बनी रही। जुलूस से पूर्व उन्होंने लोनी तिराहा और डाबर तालाब रोड पर खड़ी फलों की ठेलियों व ई-रिक्शों को स्वयं हटवाकर रास्ता साफ कराया, जिससे भीड़-भाड़ के बावजूद जुलूस बेहतरीन तरीके से इस मार्गो से गुजर सका पूरे कार्यक्रम की देखरेख मोहम्मद नूर हसन, सरवर अंसारी, मोहम्मद हनीफ़ और मोहम्मद शराफ़त हुसैन आदि जिम्मेदार लोगों ने की। मुस्लिम समाज की आवाम ने प्रशासन व पुलिस की सक्रियता की खुले दिल से सराहना की। लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी मोहब्बत और भाईचारे की मिसाल कायम होती है और समाज में अमन-ओ-शांति का पैग़ाम पहुंचता है।



