झुंझुनू
आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय में हुई राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह की समीक्षा बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी की अध्यक्षता में गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2025 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस पर 1 सितंबर 2025 को रानी बाग होटल सूरजगढ़ में राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सभी जाति व धर्म के लोगों के बीच समरसता स्थापित करने का शानदार प्रयास था। समारोह में देश के विभिन्न प्रांतो से कवि, लेखक, पत्रकार, पर्यावरण प्रेमी रक्तदाता, शिक्षाविद् व बुद्धिजीवियों, कलाकारों साहित्यकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हुए कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया गया। बैठक में राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह की सफलता और खामियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शामिल लोगों ने प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर अपने विचार रखे और भविष्य के कार्यक्रमों के संबंध में सुझाव दिये। समारोह में कार्यकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने पर उप-सरपंच राकेश कुमार मनीठिया व दिनेश खाटीवाल का सम्मान किया गया। कार्यालय में पधारे अन्न जल बचाओ आंदोलन के प्रणेता डॉ. महेंद्र सिंह नेहरा का भी सम्मान किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट को भी सम्मानित किया गया। सभी को लेखक धर्मपाल गाँधी द्वारा लिखित ‘क्रांति का आगाज़’ व ‘आज़ादी के दीवाने’ और ‘आज़ादी की राहों में’ पुस्तक भेंट की गई। वर्ष 2025 का कार्यक्रम बेहद शानदार और सफल रहा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए धर्मपाल गाँधी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सभी जाति वर्ग, धर्म के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने बताया कि संस्थान से देश के विभिन्न प्रांतो से सभी जाति वर्ग धर्म के अच्छे लोग जुड़े हुए हैं। श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस पर हर वर्ष आयोजित होने वाले गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में सभी जाति वर्ग धर्म के लोगों को शामिल किया जाता है। यह समारोह राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक समरसता की ऐतिहासिक पहल है। वर्तमान परिदृश्य में आज जहां लोग जाति और धर्म के नाम पर संगठन बनाकर समाज को विघटित करने का कार्य कर रहे हैं, वहीं आदर्श समाज समिति इंडिया परिवार सभी को एक मंच पर साथ लाने का उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। भविष्य में देश भर से अच्छे लोगों को संस्थान से जोड़कर आदर्श समाज का निर्माण करने के उद्देश्य से देश भर में आंदोलन चलाया जायेगा। जिससे देश भर में बढ़ रही सांप्रदायिक हिंसा और जातीय हिंसा को रोकने में कामयाबी मिलेगी। हिंसा और नफरत को रोकने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों को आगे आना होगा। देश और दुनिया में शांति कायम करने के लिए आदर्श समाज का निर्माण बहुत जरूरी है। इस अवसर पर डॉ. महेंद्र सिंह नेहरा, वीर तेजाजी विकास संस्थान के अध्यक्ष जगदेव सिंह खरड़िया, योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट, समाजसेवी इंद्र सिंह शिल्ला, उप-सरपंच राकेश मनीठिया, शिवदान सिंह भालोठिया, विनोद सोनी, दिनेश खाटीवाल, हितेश शिल्ला, अंजू गाँधी, इशांत, सुनील गाँधी, भाविका गाँधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे।



