
मथुरा के महावन तहसील क्षेत्र के अंतर्गत राधा रानी की प्राकट्य स्थली रावल जहां राधा रानी का प्राकट्य हुआ था, उस गांव का हाल बेहद बुरा है। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी द्वारा गोद लिया गया ये गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। आरावल गांव के लोगों ने बताया कि बाढ़ के चलते खाने तक के लिए तरस गए हैं। पशुओं को ऊपरी स्थानों पर ले जा रहे हैं। मकानों के अन्दर पानी भर चुका है। राधा रानी मन्दिर जाने वाले रास्ते पर लगभग चार फीट पानी भरा है। वहां जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर ट्राली से श्रद्धालुओं दर्शन करने आ रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2023 से भी ज्यादा पानी आया है, जिसमें अनाज और पशुओं के लिए रखा चारा पानी में डूब गया है। पिछले तीन दिनों से मेहनत मजदूरी करने वाले लोग घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में खाने पीने का संकट भी परिवारों के सामने खड़ा हो गया है। प्रशासन की ओर से न तो कोई व्यक्ति आया है और न कोई मदद मिली है।



