गोड्डा
झारखंड स्थापना दिवस पर प्रचार रथ हुआ रवाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा 11 से 29 नवम्बर तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में आज समाहरणालय परिसर से जनजागरूकता अभियान के लिए दो प्रचार रथों को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव, उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल के द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ झारखंड के विकास की उपलब्धियों, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों एवं स्थापना दिवस समारोह की जानकारी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाएंगे। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा तैयार ये प्रचार रथ गांव-गांव में पहुंचकर नागरिकों को राज्य की गौरवपूर्ण यात्रा से अवगत कराएंगे। उपायुक्त ने बताया कि झारखंड की स्थापना और विकास के 25 वर्ष प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। ऐसे में जनभागीदारी और जागरूकता इस आयोजन की सफलता के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उपायुक्त ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं तथा युवाओं से आग्रह किया कि वे इस भव्य आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल हों और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।


