मेरठ
एमआईईटी में ई-सेल व इन्क्यूबेशन फोरम के सहयोग से उद्यमिता पर विशेष कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में ई-सेल टीम एवं एमआईईटी इन्क्यूबेशन फोरम के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसे संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) एस.के. सिंह, विशेष अतिथि एवं फर्स्ट500डेज़ के संस्थापक शिवम पाल तथा एमआईईटी इन्क्यूबेशन फोरम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेहान अहमद ने संयुक्त रूप से सम्पन्न किया।
इस अवसर पर ई-सेल एवं इन्क्यूबेशन फोरम का परिचयात्मक वीडियो प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात अतिथि शिवम पाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया गया। मुख्य वक्तव्य सत्र में शिवम पाल ने उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम पर अपने विचार साझा करते हुए छात्रों को नए अवसरों की ओर प्रेरित किया।
अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। वहीं “शाउटआउट फॉर स्टार्टअप्स” के अंतर्गत संस्थान से जुड़े स्टार्टअप्स को मंच पर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता ने छात्रों में ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आगामी 17 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाले विशेष आयोजन की घोषणा की गई।
पूरे आयोजन में विभिन्न शाखाओं के छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों एवं इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप्स ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का संचालन ई-सेल टीम एवं सहायक प्रबंधक सुश्री संस्कृति शर्मा ने सफलतापूर्वक किया।


