शामली
विद्युत पोल से तार चोरी कर ले गए चोर, किसानों में रोष
घटनास्थल पर एएसपी सहित सीओ ने पहुंचकर किया निरीक्षण पुलिस कर्मियों को दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला : थाना क्षेत्र के गांव किवाना मोड पर आधा दर्जन से भी अधिक किसानों के खेतों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के तारों को चोरों के द्वारा चोरी कर लिया गया। सैकड़ो मीटर हाई टेंशन लाइन का तार चोरी होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर विधुत विभाग सहित एएसपी, सीओ कैराना व थाना प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर जांच पड़ताल की। समाचार लिखे जाने तक विधुत विभाग के द्वारा मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
थाना क्षेत्र के किवाना मोड पर कस्बे के ही किसान वकील, हारून, तारिक, विनोद सैनी, नादिर, साजिद, नूर हसन, ताहिर, नाथीराम सैनी व बाबूराम के खेत स्थित है। सभी किसानों के खेतों के ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। बुधवार की रात्रि में चोरों के द्वारा लगभग 1500 सौ मीटर हाई टेंशन लाइन के तारों को पोलो से काटकर चोरी कर लिया गया। गुरुवार की सुबह जब किसान अपने खेत पर पहुंचे तो उन्हें विद्युत पोलों से हाई टेंशन लाइन के तार चोरी होने की जानकारी हुई। पीड़ित किसानों ने मामले की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसानों से जानकारी हासिल की। बाद में एएसपी संतोष कुमार सिंह व सीओ कैराना श्याम सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, और जांच पड़ताल की। एएसपी ने मौके पर मौजूद सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह से जमीन पर पड़े विद्युत पोल पर कटे हुए तारों के अवशेषो को कब्जे में लेने व विद्युत पोलों के नंबर भी नोट करने के निर्देश दिए। एएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने विद्युत पोलो के नंबर नोट करने के साथ ही विद्युत पोलों से कटे तारों के अवशेष अपने कब्जे में लिए और थाने ले आए। पीड़ित किसानों ने पुलिस के विरुद्ध रोष प्रकट करते हुए प्रदर्शन किया और चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। किसानों का कहना है की तार चोरी हो जाने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि विद्युत विभाग के द्वारा स्थानीय थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई है। विद्युत विभाग का थाना अलग बना है। विद्युत विभाग के अधिकारी अपने थाने में ही तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।



