इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में इंजीनियर डे का आयोजन
वर्किंग मॉडल और पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में इंजीनियर डे के अवसर पर एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंजीनियर क्लब एनसीआर और आईपीईसी टीबीआई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस मौके पर भारत रत्न और ‘फादर ऑफ इंजीनियर्स’ के नाम से विख्यात सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरय्या को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एसजेवीएन लिमिटेड (विद्युत मंत्रालय) के चीफ जनरल मैनेजर राजेश कुमार जैन, इंजीनियर क्लब अध्यक्ष अमरीश गर्ग, कोषाध्यक्ष सत्यम अग्रवाल, सचिव बसंत गोयल, आईपीईसी डीन एकेडमिक प्रो. डॉ. अमित जैन, टीबीआई फाउंडेशन की सीईओ प्रियंका गुप्ता और डीन स्टूडेंट वेलफेयर एवं आईक्यूएसी प्रो. डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर योगेश कुमार जैन (मैकेनिकल इंजीनियर, डीजे पॉलिटेक्निक, बड़ौत), एच.के. जैन (गांधी पॉलिटेक्निक, मुजफ्फरनगर), अश्विनी नागपाल (डायरेक्टर ऑपरेशन, बिलटैक इलेक्ट्रिकल) और इंजीनियर क्लब कोषाध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित किया। संस्थान की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में सत्यम अग्रवाल ने कहा कि इंजीनियर क्लब देशभर के विभिन्न सरकारी इंजीनियरिंग संगठनों में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारियों एवं सेवानिवृत्त इंजीनियरों को जोड़कर समाज के उत्थान के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ मिलकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अनुभवी इंजीनियर छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें ‘राष्ट्रहित इंजीनियर’ बनने की दिशा में प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत वर्किंग मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें गाजियाबाद के विभिन्न विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के छात्र ईशान और हार्दिक ने अपनी अभिनव रोबोटिक आर्म परियोजना प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया।
द्वितीय स्थान स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र हर्ष को उनकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित इंटेलिजेंट स्वीपिंग मशीन के लिए दिया गया, जबकि विद्या बाल भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र पार्थ और यशी को दिव्यांगजनों की सहायता के लिए बनाई गई ब्लाइंड स्पेक्टेकल्स परियोजना पर तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
विजेताओं को क्रमशः ₹3000, ₹2000 और ₹1000 नगद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से प्रशस्ति पत्र भी भेंट किए गए।
इसके साथ ही पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के बी.टेक (कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस), एमसीए, बीसीए, बीएससी और एमबीए के छात्रों ने प्रतिभाग किया।
इसमें रंजन कुमार, मुस्कान राय और पुनीत कुमार गौतम ने फूड डिस्ट्रीब्यूशन एंड सेग्रीगेशन विषय पर प्रस्तुति देकर प्रथम पुरस्कार जीता। इन्हें ₹3000 की नगद राशि प्रदान की गई।
अंकुश कुमार और बामाशी को सस्टेनेबल सॉल्यूशन फॉर वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर प्रस्तुति के लिए द्वितीय पुरस्कार तथा ₹2000 प्रदान किए गए। वहीं, आनंद कौशिक, अंश सिंह राठौर और आकाश पटेल को सस्टेनेबल एनर्जी विषय पर पोस्टर प्रस्तुति के लिए तृतीय पुरस्कार और ₹1000 नगद राशि दी गई। सभी प्रतिभागियों को इंजीनियर क्लब एनसीआर की ओर से प्रशस्ति पत्र भी दिए गए।
इस कार्यक्रम में डीन सीएसई एवं एलाइड ब्रांच प्रो. डॉ. सुनीता यादव, डीन फर्स्ट ईयर प्रो. वाई.एस. यादव, डॉ. नीता वर्मा, डॉ. रागनी, सौरभ सक्सेना, शेफाली, शालिनी, गरिमा, डॉ. स्वाति, अल्पना तोमर, तान्या शर्मा, डॉ. श्वेता, शोभना शर्मा और सपना शर्मा सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर छात्रों और अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना की और इसे भविष्य में और भी बड़े स्तर पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।


