झारखंड

झारखण्ड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, जेल में उपलब्ध सुविधाओं की ली जानकारी

Justice of Jharkhand High Court inspected the district jail and took information about the facilities available in the jail.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। न्यायमूर्ति ने अस्पताल एवं चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा कारा अधीक्षक से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुरुष एवं महिला बंदियों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना। निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायमूर्ति ने भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा, शिक्षा व्यवस्था, दूरभाष सुविधा, अस्पताल वार्ड एवं बैरकों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जो भी बंदी कारा अवधि के दौरान प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं, उन्हें सरकारी तंत्र द्वारा शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। जेल प्रशासन को इस दिशा में समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने प्रोजेक्ट परिवर्तन के तहत आरसेटी द्वारा प्रशिक्षित कैदियों से भी मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर फुटबॉल किट वितरित किए गये। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण किया, महिला कैदियों एवं बच्चों के बीच पुस्तकें और खिलौना वितरित की तथा लाइब्रेरी में अध्ययनरत कैदियों से संवाद कर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान से जुड़े कैदियों को भी सम्मानित किया और कहा कि यह पहल समाज में वंचित लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सराहनीय प्रयास है। उपायुक्त, पाकुड़ मनीष कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले 6 माह से निरंतर संचालित है और आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर ऐसे कैदी भी उपस्थित थे जो जेल से बाहर निकलने के बाद आज समाज में सफलतापूर्वक जीवनयापन कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह, उपायुक्त मनीष कुमार, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चन्द्रा समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button