आदि कर्मयोगी अभियान के तहत प्रशिक्षण सह- जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Training cum awareness program organized under Adi Karmayogi campaign

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कर्माटांड़ पंचायत भवन में रविवार को आदि कर्मयोगी अभियान के तहत एक दिवसीय क्लस्टर ट्रेनिंग सह अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा अभियान से जुड़े सहयोगियों को प्रशिक्षण देना और उन्हें जागरूक करना था। कार्यक्रम में आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी और आदि साथी के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों और समाजहित से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें बताया गया कि किस प्रकार गांव-गांव में जाकर लोगों को जागरूक करना है और सरकारी योजनाओं से उन्हें लाभान्वित करना है। इस कार्यक्रम के लिए क्लस्टर प्वाइंट कर्माटांड़ पंचायत भवन को चुना गया था, जिसमें कुल पांच गांव—खोड़ासारो, तेतुलबंधा, कासीटार, नवाडीह दुर्गापुर और जोड़ो पहाड़ी शामिल किए गए। इन गांवों के प्रतिभागियों को एक साथ प्रशिक्षण देकर अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रंजीत दास, पंचायत सचिव युद्धपति मंडल, अनीता टुडू, पीएस आरती कुमारी, विमल कुमार गुप्ता और समसुद्दीन अंसारी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता और इसके महत्व पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान समाज में शिक्षा, जागरूकता और विकास की दिशा में एक अहम कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आएगा और लोग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति अधिक सजग होंगे। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम से उन्हें नई जानकारी और प्रेरणा मिलती है।


