बिजनौर
किसानों ने डीएफओ कार्यालय पर बांध दिये पशु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जनपद में गुलदारों के बढ़ते हमलों से नाराज भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक ने अपने आंदोलन के छठे दिन डीएफओ कार्यालय पर भेड़ बकरियों व पशुओं के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने डीएफओ कार्यालय में छोटे बड़े पशु बांध दिये, भेड़ों के कार्यालय में घुस जाने से अफरा-तफरी मच गई। भाकियू अराजनीतिक युवा के प्रदेश अध्यक्ष चौ. दिगम्बर सिंह ने कहा कि जब तक वन विभाग गुलदारों के हमलों पर अंकुश नहीं लगाएगा तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। लड़ाई अब आर पार की होगी।
ज्ञात हो कि गुलदार ने जनपद में हमले कर कई लोगों को मौत की नींद सुला दिया है। गुलदारों के हमले लगातार जारी हैं। गुलदारों के बढ़ते हमलों के खिलाफ भाकियू अराजनीतिक के कार्यकर्ता पिछले 5 दिन से नजीबाबाद व बिजनौर में डीएफओ कार्यालय पर धरना दिये बैठे हैं। सोमवार को छठे दिन दिगम्बर सिंह व अन्य किसानों ने पशुओं के साथ डीएफओ कार्यालय पर धावा बोल दिया। भेड़ो बकरियों को कार्यालय में घुसने से अफरा-तफरी मच गई। यही हाल नजीबाबाद डीएफओ कार्यालय का है। भाकियू पदाधिकारियों के अनुसार वहां भी किसानों ने डीएफओ कार्यालय में पशु बांध दिये हैं। दिगम्बर सिंह ने आरोप लगाया कि आदमखोर गुलदारों के अनेक लोगों की जान लेने के बावजूद वन विभाग लापरवाही की चादर ओढ़कर सो रहा रहा है। अधिकारियों से घटनाओं पर अंकुश लगाने का आग्रह किया गया, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं हुआ। किसान पिछले 5 दिन से बैठे हैं, लेकिन अधिकारियों के कानों पर 5 दिन से जूं नहीं रेंग रही। चौधरी दिगम्बर सिंह ने कहा है कि जब तक इन घटनाओं पर अंकुश नहीं लगेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



