ललितपुर
हिन्दी दिवस और क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर । 14 सितम्बर को पूरे देश में हिन्दी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसी अवसर पर ग्राम पनारी, जखौरा, ललितपुर में मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में एक भव्य क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इस प्रतियोगिता का उद्देश्य हिन्दी भाषा के महत्व को उजागर करना तथा विद्यार्थियों एवं युवाओं में इसकी समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हिन्दी साहित्य, व्याकरण, इतिहास तथा महान लेखकों और कवियों से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। प्रतियोगिता के वस्तुनिष्ठ प्रश्न ने इसे और भी रोचक एवं ज्ञानवर्धक बना दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. महेश कुमार झा, प्राचार्य, पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय ने अपने उद्बोधन में हिन्दी भाषा की राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पहचान में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से हिन्दी भाषा के प्रयोग पर गर्व करने और अन्य भाषाओं के साथ इसे अपनाने का आह्वान किया।प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, परंतु परिणामस्वरूप सचिन कुमार ने प्रथम स्थान, प्रिंस पटेल ने द्वितीय स्थान तथा साक्षी निरंजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों में हिन्दी के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना को गहराया। साथ ही यह भी सिद्ध किया कि हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की पहचान है।



