मणिपुर में असम राइफल्स पर हमला, एक जवान शहीद, कई घायल।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : मणिपुर के बिष्णुपुर ज़िले में शुक्रवार शाम हुई एक बड़ी हिंसक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। नमबोल थाना क्षेत्र के तहत नमबोल सबाल लेइकाइ के पास करीब शाम 6 बजे अज्ञात सशस्त्र हमलावरों ने असम राइफल्स के जवानों को निशाना बनाते हुए घात लगाकर हमला किया।बताया जा रहा है कि इम्फाल से बिष्णुपुर की ओर टाटा 407 वाहन से लौटते समय अचानक बंदूकधारियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम तीन जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने घटनास्थल को घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं किया है।



