गोड्डा
पथरगामा बड़ी दुर्गा मंदिर से निकली भव्य कलश शोभा यात्रा, 2100 कन्याओं ने लिया भाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पथरगामा स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर से 2100 कन्याओं की भागीदारी में भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस आयोजन की शुरुआत मंदिर परिसर से हुई, जहां वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कन्याओं ने सुंदर नदी से कलश में पवित्र जल भरकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यह शोभा यात्रा तेलनी मोड़, कसियातरी, कलाली मोड़ सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः दुर्गा मंदिर परिसर में पहुंची। कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद कन्याओं का उत्साह देखने लायक था। आयोजन की व्यवस्था में सुबह से ही दुर्गा पूजा कमेटी के सभी सदस्य सक्रिय रहे। पूजा का संचालन पंडित आकाश जी महाराज द्वारा विधिपूर्वक किया गया। शोभा यात्रा के दौरान सजाया गया घोड़ा विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। यजमान प्रदीप भगत स्वयं कलश लेकर शोभायात्रा में अग्रणी भूमिका में रहे। उनके साथ समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। मंदिर प्रांगण में शोभा यात्रा के समापन के पश्चात सभी कन्याओं के चरण पखारे गए और उन्हें श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।



