आदि कर्मयोगी अभियान एवं प्रोजेक्ट जागृति के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन, 152 लोगों ने किया रक्तदान
Blood donation camp organised under Adi Karmayogi Abhiyan and Project Jagriti, 152 people donated blood

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बुधवार को आदि कर्मयोगी अभियान एवं प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले के सभी प्रखण्डों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल पाकुड़, सीएचसी हिरणपुर, सीएचसी लिट्टीपाड़ा, सीएचसी अमड़ापाड़ा, सीएचसी महेशपुर तथा सीएचसी पाकुड़िया में एक साथ आयोजित हुए। इसके सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा रक्तदाताओं की हौसला- अफजाई की। इस दौरान जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कुल 152 लोगों ने रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की। उपायुक्त मनीष कुमार* ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का साधन है, बल्कि यह समाज और मानवता की अमूल्य सेवा भी है। उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को प्रत्येक तीन माह में रक्तदान करना चाहिए ताकि रक्त की कमी से किसी की मृत्यु न हो। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले में प्रत्येक माह की 24 तारीख को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिससे समय पर पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराया जा सके।



