बिजनौर
बाढ़ प्रभावित किसानों को किया गया राहत राशि का वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्सl, ब्यूरो
बिजनौर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में शनिवार को बाढ़ प्रभावित किसानों को सहायता कृषि निवेश अनुदान योजना के अन्तर्गत कृषि अनुदान वितरण कार्यक्रम में जिले में हुई फसल क्षति एवं कटान से प्रभावित कृषकों को राहत धनराशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायिका सुची चौधरी ने लाभार्थियों को चेक वितरण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक पात्र कृषक को सरकार द्वारा अनुमन्य धनराशि समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसी भी जरूरतमंद को राहत प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह ने बताया कि फसल क्षति एवं कटान से तहसील बिजनौर के 550 कृषक, तहसील धामपुर के 1151 कृषक, तहसील नगीना के 14 कृषक, तहसील नजीबाबाद के 232 कृषक, तहसील चांदपुर के 5618 कृषक, कुल जनपद बिजनौर मे 7565 कृषक एवं 2358.9179 है0 रकबा प्रभावित है। उक्त के सापेक्ष कुल 26544931.00 रूपये की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है। इस कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर रीतू रानी, व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी किसान उपस्थित रहे।



