चयनित कलाकार को पुरस्कार के साथ मिलेगी 5 लाख की धनराशि, अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र
संस्कृति निदेशालय लखनऊ को 25 अक्टूबर तक भेजें आवेदन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। संस्कृति निदेशालय उ.प्र. द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में मल्लिका-ए-गजल बेगम अख्तर की स्मृति में दादरा, ठुमरी, गजल विधाओं में ऐसे प्रतिभावान गायक, जिनकी आयु 40 वर्ष से कम न हो, को बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित किये जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अन्तर्गत चयनित कलाकार को 05 लाख रुपये की धनराशि, अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र भेंट स्वरुप प्रदान किया जाएगा। बेगम अख्तर पुरस्कार के लिए कलाकार उत्तर प्रदेश का मूल निवासी अथवा उसकी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश होना चाहिए। कलाकार की आयु 40 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। कलाकार को अपनी प्रतिभा की दीर्घ साधना एवं श्रेष्ठ उपलब्धि के भरसक निर्विवाद मानदण्डों के आधार पर राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त होनी चाहिए। यह पुरस्कार कलाकार के गायन के क्षेत्र में सम्पूर्ण उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किया जायेगा न कि किसी एक विशिष्ट संरचना के लिए। पुरस्कार सम्बन्धी नियमावली एवं निर्धारित प्रारूप आवेदन पत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। उपरोक्त आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप पर 10 सितम्बर से 25 अक्टूबर 2025 तक लखनऊ कार्यालय में जमा किये जा सकते है।



