
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। प्रखंड अंतर्गत ऊर्जा नगर दुर्गा मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर संध्या आरती के बाद भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जा रहा है। हर रोज़ यहां हजारों की संख्या में भक्तजन पहुंचकर माता रानी के भजनों का रसपान कर रहे हैं। शाम होते ही मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों, भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से गूंज उठता है। संध्या आरती के पश्चात आयोजित भजन कार्यक्रम में स्थानीय एवं बाहरी कलाकार अपनी सुरीली प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान रोजाना इस कार्यक्रम को देखने-सुनने के लिए ऊर्जा नगर समेत आसपास के गांवों और प्रखंडों से भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तगण आरती के बाद माता रानी के दरबार में दीप प्रज्वलित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। पुलिस प्रशासन और ऊर्जा नगर मेला समिति की ओर से सुरक्षा एवं भीड़-व्यवस्था के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इस कार्यक्रम में कलाकार राहुल शर्मा, कुमोद शर्मा, फूलन कुमार, कुंदन पंडित, सौरभ पासवान, खुशी कुमारी, शिवम कुमार आदि ने भक्तिमय गीतों की झड़ी लगा दी है।



