मेरठ

एमआईईटी में डांडिया महोत्सव

गरबा की थाप पर थिरके कदम, गुजराती रंग में रंगा कैंपस

नवरात्रि उत्सव में छात्रों का उत्साह, पारंपरिक परिधानों संग झूमे युवा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। नवरात्रि के पावन अवसर पर एमआईईटी का कैंपस पारंपरिक डांडिया और गरबा की धुनों से झूम उठा। बागपत बाईपास क्रॉसिंग स्थित एमआईईटी परिसर में आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सजीव रंग बिखेरते हुए भारतीय संस्कृति की अद्भुत छटा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर, चीफ प्रॉक्टर डॉ. राणा तोप सिंह पुंडीर, डीन एकेडमिक डॉ. संजीव सिंह, डीन डॉ विनीत अग्रवाल और मीडिया हेड अजय चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पारंपरिक पोशाक में प्रस्तुत किए। संगीत की ताल पर शुरू हुआ यह आयोजन जैसे-जैसे आगे बढ़ा, उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया। डीजे ऐड़ी के ऊर्जावान संगीत पर युवाओं ने देर रात तक गरबा और डांडिया की थाप पर जमकर नृत्य किया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और पारंपरिक परिधानों से सजे छात्र-छात्राओं ने वातावरण को पूरी तरह गुजरात के डांडिया महोत्सव में बदल दिया। छात्राओं के लहंगे-चोली और छात्रों के कुर्ता-पायजामा तथा काठियावाड़ी परिधान ने कार्यक्रम को और भी मनोहारी बना दिया।
इस दौरान फैकल्टी सदस्य भी छात्रों के उत्साह में शामिल हुए और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
एमआईईटी मीडिया हेड अजय चौधरी ने कहा की डांडिया नाइट का उद्देश्य न केवल छात्रों को मनोरंजन का अवसर प्रदान करना था, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति युवाओं में जुड़ाव को और मजबूत करना भी है। डीजे की धमाकेदार बीट्स और पारंपरिक नृत्य की लय ने यह रात छात्रों के लिए यादगार बना दी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button