गुमला

अंचल सम्बंधित समस्याओं के निवारण हेतु प्रशासन की अभिनव पहल।

विशुनपुर प्रखंड में सुदूरवर्ती क्षेत्र के गांव में स्वयं जा रहे हैं अंचल अधिकारी विशुनपुर , अंचल सम्बंधित समस्याओं का गांव में ही किया जा रहा है समाधान।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

 

गुमला।‌ उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के दिशा-निर्देश में गुमला जिले के सभी प्रखंडों में जन-सुविधाओं और राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से कई अभिनव कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में विशुनपुर अंचल अधिकारी शेखर वर्मा द्वारा विशुनपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्रामों में विशेष शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का तत्परता से समाधान सुनिश्चित किया गया।अंचल अधिकारी ने स्वयं सुदूरवर्ती गांवों का भ्रमण कर नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन ग्रामीणों के लिए कार्यालय पहुंचना कठिन है, उनके लिए प्रशासन स्वयं उनके गांव पहुंचता है और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करता है।विशेष शिविर के दौरान ऑनलाइन पंजी 2 सुधार एवं नई जमाबंदी प्रविष्टि कार्य तीव्र गति से पूरा किया गया। इसमें मौजा-कुमारी (थाना संख्या 1) में 80 प्रतिशत, छोटकी समदरी (थाना संख्या 35) में 100 प्रतिशत तथा हिसिर (थाना संख्या 18) में 100 प्रतिशत सुधार कार्य संपन्न हुआ। इन तीनों गांवों में शत प्रतिशत दो मौजा का ऑनलाइन प्रविष्टि एवं पंजी 2 का सुधार करके ग्रामीणों को अद्यतन भूमि अभिलेख उपलब्ध कराया गया। गत 20 सितंबर को आयोजित अंचल दिवस के अवसर पर अपर समाहर्ता गुमला, अनुमंडल पदाधिकारी गुमला एवं उप समाहर्ता भूमि सुधार गुमला की उपस्थिति में रैयतों को अद्यतन पंजी 2 की प्रतियां ससम्मान वितरित की गईं।

विशुनपुर अंचल अधिकारी ने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर इस प्रकार के विशेष शिविरों एवं मौके पर समाधान की व्यवस्था से ग्रामीण नागरिकों को सीधे लाभ मिलता है तथा सरकार की सेवाएं जन-जन तक सहजता से पहुंच पाती हैं। आगे भी विशुनपुर में इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि आमजन की समस्याएं त्वरित और पारदर्शी तरीके से दूर की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button