नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गुमला । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के शुभ अवसर पर आज डुमरी प्रखंड अंतर्गत बरटोली (पंचायत–मझगांव) में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बरटोली एक जनजातीय बहुल ग्राम है, जिसकी कुल जनसंख्या 249 है। इस ग्राम सभा में 150 से अधिक ग्रामीण उपस्थित हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त सचिव, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार श्री ब्रिज नंदन प्रसाद उपस्थित हुए। उनके साथ उप विकास आयुक्त गुमला श्री दिलेश्वर महत्तो, अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर सुश्री पूर्णिमा कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरी उमेश कुमार स्वांशी, परियोजना पदाधिकारी आईटीडीए गुमला, प्रमुख डुमरी तथा मुखिया मझगांव भी शामिल हुए।
ग्राम सभा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए संयुक्त सचिव श्री प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से ही विकास योजनाओं का बेहतर कार्यान्वयन संभव है और गांव की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने ग्रामवासियों को ग्राम के सर्वांगीण विकास हेतु चयनित योजनाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम सभा में ग्राम विज़न प्लान 2030 को स्वीकृति प्रदान की गई। यह योजना आगामी वर्षों में ग्राम के समग्र विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण तथा सामाजिक-आर्थिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेने आए सभी पदाधिकारियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि ग्राम विकास कार्यों में वे प्रशासन को पूर्ण सहयोग देंगे।



