आज आयेगी स्मृति ईरानी करेंगी देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आयेगी । शारदीय नवरात्र के अवसर पर वह क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने बताया कि स्मृति ईरानी अमेठी के कल्याण, विकास और खुशहाली के लिए माता रानी का आशीर्वाद लेंगी। वह हर वर्ष की तरह इस बार भी देवी मंदिरों में पहुंचेंगी। स्मृति ईरानी दिल्ली से लखनऊ पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग से अमेठी के लिए रवाना होंगी। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वह सबसे पहले तिलोई के सिंहपुर स्थित माता अहोरवा भवानी धाम में दर्शन करेंगी। इसके बाद, वह मां कालिकन धाम मंदिर संग्रामपुर और फिर मां दुर्गन भवानी मंदिर गौरीगंज में पूजन-अर्चन करेंगी। गौरीगंज में पूजन के बाद, स्मृति ईरानी अपने स्थानीय आवास पर कुछ समय रुकेंगी। देर शाम वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।

