बोकारो डांडिया का झगड़ा पहुंचा घर और चल गया चाकू
Bokaro Dandiya fight escalates into a home-based fight, resulting in knife attack

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बोकारो का वेस्टर्न फॉर्म अब विवाद का अड्डा बनाता जा रहा है। हर साल कोई न कोई विवाद होना लाजिमी सा हो गया है। गत वर्ष भी कथित डांडिया नाइट्स के दौरान हुई जबरदस्त मारपीट और इस वर्ष भी चाकूबाजी का कारण बना 28 सितम्बर की रात का इस फॉर्म में आयोजित कथित डांडिया कार्यक्रम। बोकारो के वेस्टर्न फॉर्म में 28 सितम्बर को कथित डांडिया नाइट्स का आयोजन था। भोजपुरी के कुछेक अभिनेता और अभिनेत्री भी मंच पर थे। विशेषकर युवा वर्ग की भीड़ थी। इसी बीच दो परिवार के युवा आपस में भीड़ गए और इसका परिणाम यह हुआ कि उनके पिता और शुभचिंतक आपस में लड़ बैठे और चल गया चाकू। आरक्षी उपाधीक्षक, सिटी आलोक रंजन ने बताया कि वेस्टर्न फॉर्म में डांडिया कार्यक्रम के दौरान बारी कॉपरेटिव कॉलोनी निवासी जलेश्वर साहू और स्टूडियो – 99 के मालिक रोहन सिंह के बच्चे आपस में किसी बात को लेकर लड़ बैठे। दूसरे दिन अर्थात 29 सितम्बर को जलेश्वर साहू अपने कुछेक शुभचिंतकों के साथ सिटी सेंटर स्थित रोहन के स्टूडियो आया। दोनों पक्षों में बातचीत चल ही रही थी कि जलेश्वर साहू के एक दोस्त अजय उर्फ नीरज ने हाथ चला दिया। इस पर रोहन के एक दोस्त रूपेश ने गाड़ी से चाकू निकालकर हमला बोल दिया। उसको रोकने के क्रम में अजय को चाकू लग गया। एनपीटी को सेक्टर – 04 थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि चाकू से अजय जब जख्मी हो गया तो दोनों तरफ के लोग एक – दूसरे को छुड़ाने के लिए भीड़ गए। इसी क्रम में कुछेक और लोग चोटिल हुए। अस्पताल में इन सबका इलाज हुआ। रोहन ने जलेश्वर साहू और उसके साथियों पर तो जलेश्वर साहू ने रोहन सिंह और उसके साथियों पर थाने में मामला दर्ज कराया है। सेक्टर – 04 थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या – 98/ 2025 और 99/ 2025 दर्ज हुआ है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई भी गिरफ्तारी नहीं की है लेकिन चाकूबाजी करने वाले रूपेश का जेल जाना तय है।



