अमरोहा

धान खरीद शुरू न होने पर किसान परेशान

अमरोहा में पुलिस से नोकझोंक, सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर में धान क्रय केंद्र शुरू न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को अमरोहा अड्डा पर जाम लगा दिया। भारतीय किसान यूनियन (भीमराव आंबेडकर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भाटी के नेतृत्व में किसानों ने सरकारी खरीद तुरंत शुरू करने की मांग की। किसानों का कहना था कि पिछले एक महीने से धान की कटाई हो रही है, लेकिन सरकारी क्रय केंद्र अभी तक चालू नहीं हुए हैं। इससे उन्हें अपना धान औने-पौने दामों पर निजी व्यापारियों को बेचना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि सरकार ने कॉमन धान का मूल्य 2369 रुपए और ए ग्रेड का रेट 2389 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया है, जबकि निजी व्यापारी 1600 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान, हसनपुर मंडी समिति के अंदर और बाहर धान से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें देखी गईं। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की भारी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा धान की खरीद पहली अक्टूबर से शुरू करने का प्रस्ताव है, लेकिन कटाई पहले शुरू होने के कारण किसान तत्काल खरीद की मांग कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि किसानों से सफल वार्ता के बाद जाम खुलवा दिया गया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खरीद शुरू नहीं हुई तो वे आगे और कड़ा आंदोलन करेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button