
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। बैतूल की गौरव वंशिका माहेश्वरी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भरतनाट्यम, स्विमिंग और लाठी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी वंशिका माहेश्वरी ने अब फेंसिंग में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित केडीपीएस स्कूल में आयोजित सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में वंशिका माहेश्वरी ने अपनी लगन और मेहनत के बल पर पहली ही बार में चयनित होकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। विदित हो कि वंशिका माहेश्वरी, सतीश तारा माहेश्वरी की पौत्री और देवेंद्र माहेश्वरी व मधु माहेश्वरी की पुत्री हैं। पिछले सवा साल से वह भोपाल में फेंसिंग की विशेष प्रैक्टिस कर रही हैं और उसी का परिणाम उन्हें राष्ट्रीय स्तर की सफलता के रूप में मिला है।
वंशिका माहेश्वरी इससे पहले भरतनाट्यम में नगर पालिका और रेलवे के मंचों पर कई बार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर चुकी हैं। स्विमिंग में उन्होंने राज्य स्तर पर खेला है जबकि पारंपरिक खेल लाठी में वह नेशनल स्तर पर गोल्ड और सिल्वर तथा इंटरनेशनल स्तर पर ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। उनके इस अद्भुत कौशल के लिए स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। खास बात यह भी है कि खेल और कला के साथ-साथ वंशिका माहेश्वरी पढ़ाई में भी अव्वल रहती हैं और 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करती हैं। बैतूल की यह प्रतिभाशाली बालिका वाकई छोटा पैकेट बड़ा धमाका साबित हो रही है।




