अमरोहा

किसान की हत्या में पांचवां आरोपी गिरफ्तार

अमरोहा में बच्चों के झगड़े के बाद हुई थी वारदात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा सदर तहसील के रजबपुर थाना क्षेत्र में किसान रामपाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने पांचवें नामजद आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार रात पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने किसान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह घटना बावनपुरा माफी गांव में बच्चों के झगड़े के बाद शुरू हुई थी। नत्थू सिंह और बलवीर के परिवार के बच्चों के बीच घर के बाहर खेलते समय विवाद हो गया था। बच्चों ने घर जाकर अपने परिजनों को झगड़े की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि, गांव के लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था।
लेकिन शाम के समय बलवीर सिंह ने अपने बेटों रवि, श्रवण, राहुल और भटपुरा माफी गांव निवासी रिश्तेदार विकास के साथ मिलकर नत्थू सिंह के बेटों जयप्रकाश, रामपाल सिंह, सोमपाल और धर्मेंद्र पर हमला कर दिया। इस हमले में जयप्रकाश सिंह, रामपाल सिंह, सोमपाल और धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते रामपाल सिंह को मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन जिला अस्पताल से मेरठ ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हमले में घायल धर्मेंद्र की हालत में अब कुछ सुधार है।
जयप्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रवि, श्रवण, राहुल, बलवीर और विकास के खिलाफ हत्या के प्रयास व हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने पहले बलवीर, रवि, श्रवण और राहुल को गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार को पांचवें आरोपी विकास को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button