अमरोहा
पांच माह पहले हुई थी शादी, नवविवाहिता ने की आत्महत्या
अमरोहा में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर ढोला में एक नवविवाहिता का शव उसके घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान 20 वर्षीय प्रेमवती के रूप में हुई है। प्रेमवती की शादी इसी साल 16 अप्रैल को शाहबाजपुर ढोला निवासी हंसराज के साथ हुई थी। यह घटना उनके विवाह के लगभग पांच महीने बाद हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मुबारिजपुर कला स्थित मायके वाले मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आदमपुर थानाध्यक्ष कुमरेश त्यागी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष त्यागी ने बताया कि फिलहाल मायके वालों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।



