ग्रामीणों ने शुरू किया आमरण अनशन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। गंगौली गांव की सुरक्षित भूमि पर अतिक्रमण और विकास कार्यों में अनियमितता के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना अब आमरण अनशन में बदल गया है। ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बीते रविवार से धरना दे रहे थे।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजकुमार पांडेय की अगुवाई में चल रहे इस आंदोलन में ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व प्रधान ने पहले सुरक्षित जमीन का पट्टा करवाया। शिकायत के बाद एडीएम ने पट्टे की कार्रवाई पर रोक लगा दी, इसके बावजूद भूमि का बैनामा उनके परिजनों के नाम करवा लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के तीन तालाबों की भूमि पर भी कब्जा कर लिया गया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान ने संपर्क मार्ग बनवाने का भुगतान तो करा लिया, लेकिन बाद में उस पर अतिक्रमण कर उसे अपने खेत में मिला लिया। राजकुमार पांडेय ने कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से अनियमितताएं हो रही हैं। जब तक कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। इस मौके पर बेचू, रामदेव, राहुल मिश्रा, अजय सिंह, संतोष, सचिन, बादशाह, इंद्रजीत आदि मौजूद रहे।

