गोड्डा
सड़क के गड्ढे में तब्दील होने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। जिले के अत्यंत पिछड़ा प्रखंड कहा जाने वाला बसंतराय प्रखंड की सड़कें इन दिनों बेहद खराब हो गई है। जानकारी के मुताबिक बिशनपुर मोड से शाहपुर तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल नजर आ रही है। दशकों पूर्व बने इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं उसी गड्ढे से होकर गाड़ियों और राहगीरों को गुजरना पड़ता है जिससे आवागमन करने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि इसी मार्ग से सैकड़ों गाड़ियों का आना जाना लगा रहता है। स्थिति ऐसी है की 7 किलोमीटर लंबे इस सड़क में जगह-जगह गड्ढे बनने और मेटल उखड़ जाने के कारण राहगीरों को पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। हैरत तो यह है कि आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस सड़क के जर्जर हालत के कारण प्रखंड क्षेत्र के लोगों में स्थानीय जनप्रतिनिधि के प्रति भारी आक्रोश है। साथनीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से शाहपुर बेलडीहा,नकटा,महादेव कित्ता,निमुहा सहित अन्य गांवों की लगभग 10 हजार से अधिक की आबादी के लिए जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालय जाने का एक मात्र यही प्रमुख मार्ग है। ग्रामीणों का मानना है कि उक्त सड़क प्रशासनिक उदासीनता का दंश झेल रहा है जबकि कई बार इस सड़क की मरम्मत की मांग भी पूर्व विधायक से की गई थी।बताया गया कि संवेदक के द्वारा घटिया काम कराने के कारण सड़क की हालत बदहाल बन गई है। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव के वक्त जनप्रतिनिधि के द्वारा अच्छी सड़क बनवाने का वादा कर झोला भर भर के वोट बटोर लिया जाता है। लेकिन चुनाव जीतने के बाद ही सारे किए वादे भूल जाया करते हैं। सभी ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग स्थानीय विधायक संजय यादव से की है।



