
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव रामपुर जाकर आजम खान से मुलाकात करने वाले हैं। जेल से छूटने के बाद आजम की अखिलेश से ये पहली मुलाकात होगी। लिहाजा राजनीतिक रूप से इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा। दूसरी तरफ अखिलेश के दौरे को लेकर बरेली में भी पुलिस प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। क्योंकि उनका विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरेगा। शहर में बवाल के बाद कई विपक्षी नेताओं ने बरेली आने की कोशिश की थी, मगर पुलिस ने उन्हें या तो बीच में ही रोक दिया या फिर उनके घरों पर नजरबंद कर दिया था। आठ अक्टूबर यानी बुधवार को अखिलेश यादव का रामपुर दौरा प्रस्तावित है। आजम के जेल से छूटने के बाद अखिलेश यादव के उनसे दूरी बनाए रखने पर भी काफी सवाल खड़े किए जा रहे थे। जबकि अखिलेश को लेकर आजम खान भी अब तक तंजिया मगर काफी सधे अंदाज में बयान देते नजर आए थे। अब बुधवार को होने वाली मुलाकात समाजवादी में आजम खान की भविष्य में भूमिका को साफ करेगी। अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां कुल 15 मिनट रुकने के बाद सड़क मार्ग से रामपुर के लिए रवाना होंगे और आजम खां से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। वापसी में भी सड़क मार्ग से बरेली पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। जानकारी के अनुसार बरेली में अखिलेश यादव का पड़ाव महज 15 मिनट का है, मगर शहर का माहौल देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। बवाल के बाद कई सपा नेताओं ने बरेली आने की कोशिश की थी जिसके बाद पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया था। अब जब बुधवार को अखिलेश यादव शहर में होंगे तो पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनसे मुलाकात कर सकते हैं। अखिलेश के शहर आकर बवाल में प्रभावित परिवारों से मिलने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के कान खड़े हैं।



