महिला सशक्तिकरण पर मोनाड विश्वविद्यालय में प्रतियोगिता हुई आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पिलखुवा। मोनाड विश्वविद्यालय के विज्ञान एवं कृषि संकाय के तत्वाधान में मिशन शक्ति-05 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका निर्देशन गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ ऋतु चिक्कारा ने किया। इस कार्यक्रम का शीर्षक महिला सशक्तिकरण पर रचनात्मक अभिव्यक्तियाँ पोस्टर, स्लोगन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल डी. पी. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुये। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में महिला सशक्तिकरण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें कला और लेखन के माध्यम से अपने विचार रचनात्मक रूप से व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करना था।प्रतियोगिता में पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन और निबंध लेखन जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों ने लैंगिक समानता एवं महिला अधिकारों पर अपनी सोच और रचनात्मकता प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रेरणादायक पोस्टर, प्रभावशाली स्लोगन एवं विचारोत्तेजक निबंध प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की उप-थीमें “एक बेटी को शिक्षित करो, राष्ट्र को सशक्त बनाओ,उसकी ताकत,हमारा भविष्य,महिला अधिकार -मानव अधिकार और वह प्रेरणा है वह नेतृत्व करती है।ये विषय महिला सशक्तिकरण और समानता की भावना को बखूबी दर्शाते थे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों और रचनात्मकता की सराहना स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।इस अवसर पर डॉ. ऋतु चिक्कारा ने विद्यार्थियों को महिला सशक्तिकरण के समर्थक बनने के लिए प्रेरित किया तथा विश्वविद्यालय द्वारा मिशन शक्ति के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के सतत प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में जागरूकता रचनात्मकता और एक सशक्त एवं समान समाज के निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विवि के शिक्षक डॉ अमित राठौर, डॉ लोकेंद्र,डॉ आशीष,डॉ दीपांशु अग्रवाल, मंमतेश, ममता,नेहा एवं प्रिंसी आदि के साथ बड़ी संख्या में छात्र व छात्रायें भी उपस्थित रहे।



