नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। दुर्गा पूजा विसर्जन के दिन तेज आवाज में साउंड बजाना एक डीजे ऑपरेटर को महंगा पड़ गया। दबंगों ने उसकी
जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल ऑपरेटर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
यह घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र के नुवांवा गांव की है। गांव के निवासी जगतपाल चौहान के बेटे संगमलाल चौहान डीजे ऑपरेटर का काम करते हैं। गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन होना था, जिसके लिए संगम लाल साउंड बजा रहे थे। इसी दौरान उत्तम गुप्ता, सत्यम गुप्ता और राज गुप्ता मौके पर पहुंचे। तेज आवाज में साउंड बजाने से नाराज होकर उन्होंने संगम लाल पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायल संगम लाल चौहान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

