विद्युत करंट की चपेट में आने से एक की मौत, तीन झुलसे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी जामो। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पूरे जुम्मन मजरे दूरामऊ में खराब हाईमास्ट लाइट ठीक करते समय 11 हजार वोल्ट लाइन से लाइट का पोल छू जाने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य युवक झुलस गए। आनन- फानन में तीनों को जिला अस्पताल ले जाने पर एक युवक को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे जुम्मन गांव में लगी हाईमास्ट लाइट खराब हो गई थी। शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे गांव के ही 47 वर्षीय मो. आजाद उर्फ राजू पुत्र भोंदू, सूरज, धर्मेन्द्र व राम प्रकाश वर्मा खराब हाईमास्ट लाइट को ठीक करने के लिए उसे खोल रहे थे।
इसी दौरान हाईमास्ट लाइट का पोल बगल से जा रही 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के तार से छू गया। जिसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आने से मो. आजाद गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं सूरज, धर्मेन्द्र व राम प्रकाश भी घायल हो गए। आनन फानन में परिजन व ग्रामीण ग्राम प्रधान अमर बहादुर सिंह के साथ चारों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मो. आजाद को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीनों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिजनों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल की सूचना पर पहुंची गौरीगंज पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।
घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। इस संबंध में एसएचओ जामो विनोद सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी कमरुल निशा, तीन पुत्रियां शमा बानो, शबरीन बानों व अमरीन बानो तथा पुत्र मो. जुनैद का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मांके साथ पत्नी व बच्चों के जीने का सहारा छिन गया है। ग्रामीण व रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन परिजनों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे।

