
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मनौट में सर्पदंश से मुन्नी प्रजापति पत्नी धर्म सिंह करीब 50 वर्षीय की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिवार में गहरा मातम छा गया है। रविवार सुबह 6:00 बजे मुन्नी देवी जब घर में उपलों के बिटोरे से उपले निकाल रही थीं, तभी उन्हें एक विषैले सांप ने काट लिया। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर उन्होंने सांप को पकड़कर मार डाला। हालांकि, बाद में ग्रामीणों ने बताया कि सांपों का यह जोड़ा था और काटने वाला सांप मारे जाने के बाद, दूसरा जिंदा सांप लगातार घर के आसपास चक्कर लगा रहा है, जिससे परिवार और गांव में दहशत फैल गई है। शुरुआत में परिजन उन्हें झाड़-फूंक के लिए ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ ले जाया गया। सोमवार सुबह 10:00 बजे इलाज के दौरान मुन्नी देवी ने दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे पाँच बच्चों (तीन विवाहित, दो अविवाहित) को छोड़ गई हैं। इस दुखद घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को उजागर किया है। ग्रामीण एंटी-वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी मौतों को रोका जा सके।


