मथुरा
कोसीकलां में डीएपी के लिए किसानों के बीच हुआ झगड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। कोसीकलां में डीएपी खाद की कमी के चलते किसानों की परेशानी अब विवाद का रूप ले रही है। सहकारी समिति पर डीएपी खाद लेने पहुंचे किसानों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना लाइन में आगे लगने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। विवाद और मारपीट का यह घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में किसान आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट कर रहे हैं, जो खाद की किल्लत और किसानों में व्याप्त रोष को साफ दर्शाता है। किसान डीएपी खाद लेने के लिए सुबह से ही सहकारी समिति के बाहर लाइन में खड़े थे। जैसे ही वितरण शुरू हुआ, पहले खाद लेने की होड़ में कुछ किसान आपस में भिड़ गए। किसानों के झगड़े के बाद समिति के कर्मचारियों ने डीएपी वितरण बंद कर दिया। जिससे अन्य किसानों ने झगड़ा कर रहे किसानों को समझा बुझाकर शांत कर दिया। करीब एक घंटे बाद डीएपी का वितरण शुरू हुआ।



