सिंगरौली

सरई पुलिस ने अंधी हत्या का किया खुलासा, आरोपी गिरफ़्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
सिंगरौली । पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री जिला सिंगरौली एवं प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते के निर्देशन में व एसडीओपी देवसर  गायत्री तिवारी के कुशल मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी निरी. जितेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में टीम गठित कर अंधी हत्या का खुलासा किया गया।
मिली जानकारी में बताया गया कि दिनांक 07/10/2025 को सूचना कर्ता रामपाल प्रजापति पिता समयलाल प्रजापति उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम दुधमनिया द्वारा थाना सरई में सूचना दी गई कि उसके चाचा रामाधार प्रजापति उम्र 45 वर्ष दिनांक 06/10/2025 की रात्रि में भोजन कर धान की तकवारी के लिए खेत गए थे, जो अगले दिन 07/10/2025 को मृत अवस्था में एल.एन.टी. कंपनी के पास पाए गए। मृतक के ऊपर मोटरसाइकिल गिरी हुई थी। सूचना पर थाना सरई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा मर्ग कायम कर डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट व एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण कर स्नैफिंग कार्यवाही एवं फोटोग्राफ लिए गए।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतक के सिर व पीठ पर वार कर हत्या की गई है। इस पर थाना सरई में अपराध क्रमांक 656/25 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य एवं पूछताछ के आधार पर ज्ञात हुआ कि मृतक रामाधार प्रजापति के अपने ही गांव के राजकुमार सिंह गोंड की पत्नी से अवैध संबंध थे। इस बात से नाराज होकर राजकुमार सिंह ने अपने साथी भागीरथी सिंह के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। दिनांक 06/10/2025 को दोनों ने योजना के अनुसार कार्य किया — भागीरथी सिंह मृतक पर नजर रखे हुए था और जैसे ही रामाधार प्रजापति खेत की ओर निकले, भागीरथी ने फोन कर राजकुमार को सूचित किया। मृतक जब भरोही भाटी पहाड़ी के पास पहुंचा, तभी राजकुमार ने लाठी से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसका सिर फट गया। बाद में घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए मृतक की मोटरसाइकिल उसके ऊपर गिरा दी और दोनों आरोपी अपने घर लौट गए। पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों 1. राजकुमार सिंह पिता प्रेमलाल सिंह उम्र 35 वर्ष, 2. भागीरथी सिंह पिता सुकसूदन सिंह उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम दुधमनिया थाना सरई, को दिनांक 08/10/2025 को गिरफ्तार किया गया। दोनों को दिनांक 09/10/2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
उक्त करवाई में निरीक्षक जितेन्द्र सिंह भदौरिया , उनि प्रियंका सिंह , उप निरी. अमन वर्मा , उप निरी. नृपेन्द्र सिंह , उप निरी. विनय शुक्ला ,उनि . सूर्यपाल सिंह , सउनि उपेन्द्र सिंह भदौरिया , सउनि कमलेश प्रजापति ,प्रआर लक्ष्मीकांत साहू , रामनरेश प्रजापति ,अनुराग मिश्रा, हरि भजन सिंह , रामनिरजन बैस, आर. रिंकू धाकड , शिवम पाटकर, नीरज सिंह वघेल अकिंत शुक्ला, की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button