बिजली के तार चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पिलखुवा। थाना पिलखुवा पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिजली के तार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का तार, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में अपराध की रोकथाम व चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु थाना पिलखुवा पुलिस द्वारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़ौदा हिन्दुवान रेलवे फाटक के पास ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार आरोपी राजकुमार पुत्र स्व. कालीचरण मूल निवासी प्रेमपुर, थाना अकराबाद, अलीगढ़। वर्तमान निवासी गंगापुरम, हनुमान गली, थाना मसूरी, गाजियाबाद, साहिल पुत्र फजलुद्दीन निवासी ईदगाह वाली मस्जिद के पास, थाना मसूरी, गाजियाबाद। फरदीन पुत्र इरफान निवासी कल्लूगढ़ी, थाना मसूरी, गाजियाबाद और जितेंद्र पुत्र स्व. नवीन, निवासी: गली नं. 3, शिव मंदिर, बाजार, थाना हसनपुर, अमरोहा के रूप में हुई है। इनके पास से एक 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, तार काटने का कटर और करीब 70 किलो एलटी लाइन का तार बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने घटनाओं में प्रयुक्त दो बाइकें भी जब्त की हैं।
पहले भी कर चुके हैं कई वारदातें
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब 22-25 दिन पहले पिलखुवा क्षेत्र के बड़ौदा हिन्द्वान और परतापुर के जंगलों में बिजली के कई खंभों से एलटी लाइन के तार काटे थे। बरामद तार उसी चोरी का हिस्सा है। उन्होंने यह भी कबूला कि तारों का एक हिस्सा लाल कुआं, गाजियाबाद स्थित एक कबाड़ी को बेच दिया गया था और शेष तार फिर से बेचने के इरादे से ले जाया जा रहा था। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की स्वीकारोक्ति और बरामद तार की जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि उनके खिलाफ पहले से दर्ज चोरी की गई एलटी लाइन की तार की घटनाएं दर्ज हैं।


